-कई संगठनों ने जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन
हरिद्वार।
जिला अस्पताल मोर्चरी में धर्मशाला के मैनेजर के शव को रखा गया था। रात्रि में चूहों ने शव का चेहरा नोच लिया। आंख गाल व होठों पर जख्म बन गए। अस्पताल की लापरवाही के विरोध में परिजनों के साथ कांग्रेस व्यापार मंडल के लोगों ने धरना देकर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी ने जांच के बाद प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
ज्वालापुर स्थित पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी (36) की शुक्रवार की देर शाम हार्टअटैक से मौत हो गई थी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई होनी थी। परिवार के लोग सुबह जिला अस्पताल मोर्चरी में पहुंचे तो मृतक के चेहरा देखा तो बहुत ही डरावना था । चेहरे से आंख निकाली हुई थी जहां जख्म बन गया था। गाल व होंठ भी लहूलुहान होकर जख्म बने हुए थे। मात्र चौदह घंटे के अंदर मृतक के शव को बुरी तरह क्षतिग्रस्त देखकर परिजनों में रोष उत्पन्न हो गया । मामले की जानकारी लगने पर व्यापार मंडल, पंजाबी महासभा व कांग्रेस के कार्यकर्ताआें ने जिला अस्पताल पहुंच कर धरने पर बैठ गए। जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जिला अस्पताल मोर्चरी में रखे शवों के साथ इस तरह अमानवीय घटना ने लोगों में रोष उत्पन्न कर दिया । प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के पास काफी समय तक कोई जिम्मेदार अधिकारी आश्वासन देने नहीं पहुंचा । जिला अस्पताल में प्रदर्शनकरियों की भीड$ निरंतर बढ$ रही थी। मोर्चरी में रखे मैनेजर के शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद परिजनों को सौपा गया।
प्रदर्शनकारियों में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, मनोज सैनी, अशोक शर्मा, वरूण बालियान, मुरली मनोहर, जतिन हांडा, रविश भटिजा, दीपक टंडन आदि कांग्रेस कार्यकर्ता और पंजाबी समाज के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता रविश भटीजा ने कहा कि यह अस्पताल प्रशासन की लापरवाही है। फ्रीजर खराब था तो प्रशासन को व्यवस्था करनी चाहिए थी। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एडीएम प्रशासन फिंचाराम चौहान के नेतृत्व मे जांच कमेटी का गठन कर पूरे मामले की जांच केे आदेश दिए हैं। एडीएम पीआर चौहान ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
