-चुराए गए वाहनों को मुरादाबाद के रास्ते पहुंचे थे पड़ोसी देश नेपाल
-नेपाल सीमा पर छिपाकर रखी गई दो बुलेट को लेने के लिए टीम रवाना
हरिद्वार।
रानीपुर कोतवाली पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने अंतर्राष्ट्रीय दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए दस वाहन बरामद किए। दो बुलेट को लेने के लिए टीम नेपाल रवाना हो गयी। चोरी करने के बाद वाहनों को देश की सीमा से निकाल कर नेपाल में बेचते थे। आरोपियों से पूछताछ करने के बाद मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
रानीपुर कोतवाली परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने पत्रकार वार्ता कर अंतर्राष्ट्रीय शातिर दो वाहन चोरों के पकड़े जाने का खुलासा किया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर दस चोरी के वाहन बरामद किए जिनमें मोटरसाइकिल व स्कूटी शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार व सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व संयुक्त टीम का गठन कर खुलासे के लिए लगाया था। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में शिवालिक नगर से पल्सर मोटर साइकिल चोरी कर ली। वाहन स्वामी प्रिन्स चौहान ने रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। दो दिन बाद बैरियर नंबर 6 के पास से अजय सिंह अधिकारी की पल्सर मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। एक दिन बाद मुबारिक अली निवासी महदूदपुर पिरान कलियर की मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर$ को सेक्टर-4 पीठ बाजार से चोरी हो गयी थी। गठित टीम ने सभी संबंधित घटनास्थलों का मौका मुआयना करते हुए वारदाते के दौरान घटित संदिग्ध गतिविधियों का ग्राफ तैयार किया व आसपास रह रहे काम कर रहे लोगों से पूछताछ करते हुए महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए। टीमों ने जनपद एवं जनपद से बाहर भी दबिश देकर वाहन चोरों की तलाश शुरु की। लगातार प्रयासों के संयुक्त टीम ने 23 नवंबर को गोपनीय सूचना पर चैकिंग कर न्यू शिवालिक नगर टिहरी विस्थापित रपटे के पास से दो संदिग्धों को चोरी की गई दो पल्सर बाइक के साथ दबोच लिया। दोनों संदिग्ध से की गई पूछताछ में सामने ये तथ्य आए कि आरोपी मास्टर-की की मदद से अलग—अलग जगहों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और चोरी की गाडि$यो को डिमांड आने पर इन्हें मुरादाबाद के रास्ते खटीमा होते हुए जंगल के रास्तों से नेपाल लेजा कर महंगे दामों में बेचते थे। चैकिंग के दौरान बरामद दोनों पल्सर मोटरसाइकिलों को भी नेपाल ले जाया जा रहा था। आरोपियों की निशानदेही पर ज्वालापुर से नहर पटरी स्थित एक खंडहर पड़े भवन के अन्दर से आठ अन्य चोरी की मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की गई। बरामद वाहनों को कोतवाली रानीपुर, कोतवाली ज्वालापुर व थाना सिडकुल क्षेत्र से चोरी किया गया था। एसएसपी ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुछ समय से नवोदय नगर में अपने ताऊ जी के लड़के के मकान पर रह रहा सुमित पहले भी चोरी में जेल गया है। आरोपितों ने रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई दो बुलेट मोटरसाइकिल को नेपाल बार्डर पर छिपाने की बात भी स्वीकार की गई है। टीम को बताए गए स्थान पर रवाना किया गया है। अन्य बरामद मोटर साईकिल व स्कूटी की जानकारी की जा रही है। आरोपी सुमित चौहान पुत्र देवेन्द्र निवासी ग्राम अतरौली थाना भोजपुर गाजियाबाद व अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान मलिक पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी नालापार मोरीगेट थाना शहर कोतवाली रामपुर उत्तर प्रदेश का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
