-पुलिस ने किशोरी को सकुशल किया बरामद
– चार सौ सीसीटीवी खंगालने पर मिला सुराग
हरिद्वार।
कोतवाली नगर क्षेत्र में पांच दिन पहले किशोरी का अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को सकुशल बरामद कर मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। आरोपी का भी मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने किशोरी को बरामद करने के लिए करीब चार सौ सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपहरण करने वाले की पहचान की गयी।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने 29 सितम्बर को तहरीर देकर अपने नाबालिग बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में जानकारी दी कि घर से उसकी बेटी सुलभ शौचालय में रोजमर्रा की तरह गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नही चला। मुकदमा दर्ज करने के बाद किशोरी की तलाश शुरु की गई। टीमों का गठन कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। करीब चार सौ सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर रेलवे स्टेशन के पास एक युवक उसे ले जाते हुए दिखाई दिया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जीआरपी थाने से संपर्क कर किशोरी को ले जाने के बारे में जानकारी जुटाई गई। टीमें लगातार दबिश देकर किशोरी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने गुरुकुल नारसन में दबिश देकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण करने वाले आरोपी सहमत उर्फ अंकित पुत्र महबूब निवासी छोटी नारसन गुरुकुल मंगलौर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ करने के बाद मेडिकल करवा कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में पॉक्सो समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गयी।
