हरिद्वार।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिवार ने रविवार को वृक्ष—गंगा—साहित्य स्वच्छता जनजागरण वाहन रैली निकाली। यह रैली शहरवासियों को वृक्षारोपण, गंगा संरक्षण, स्वच्छता एवं सत्साहित्य प्रसार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई। रैली को व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शिवप्रसाद मिश्र ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में 30 से अधिक वाहन शामिल रहे। रैली ने करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय की और हरिद्वार शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में पहुंची। जहां रैली में शामिल लोगों ने प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर सम्पूर्ण मानवता के कल्याण हेतु प्रार्थना की। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या एवं शैल दीदी ने अपने संदेश में कहा कि जन जागरण ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। जब वृक्ष, गंगा और साहित्य जैसे जीवनदायी तत्वों को स्वच्छ और संरक्षित किया जाएगा, तभी समाज में सच्चा उजियारा आएगा। यह रैली एक पुनीत यज्ञ है जिसमें जन—जन की आहुति आवश्यक है। शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने कहा कि यह रैली न केवल एक आयोजन है, वरन् आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और संस्कार देने का माध्यम है। जब नागरिक जागरूक होंगे, तभी भारत स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त बनेगा। रैली समन्वयक श्याम बिहारी दुबे ने बताया कि यह रैली माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियानों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि इस रैली के माध्यम से वृक्षारोपण, गंगा को प्रदूषण से बचाने, सत्साहित्य के प्रसार एवं स्वच्छ भारत अभियान के लिए जन—जागरूकता का संदेश दिया गया।
