अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 27 वर्षीय एक कबड्डी खिलाड़ी ने अपने कोच पर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर लीक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने महिला खिलाड़ी की शिकायत पर द्वारका के बाबा हरिदास नगर थाने में कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने सोमवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिला खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह द्वारका के बाबा हरिदास नगर थाने में कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और सोमवार को जांच में शामिल हुई। पुलिस ने बताया कि खिलाड़ी का भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-164 के तहत अदालत के समक्ष बयान दर्ज किया गया है।
इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला खिलाड़ी ने अपनी शिकायत में कहा कि वर्ष 2012 में वह दिल्ली के मुंडका के नजदीक हिरणकूदना में कबड्डी की तैयारी कर रही थी। वर्ष 2015 में उसके कोच ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि पीड़िता ने कोच पर आपराधिक धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
अधिकारी ने कहा कि पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2018 में आरोपी ने पुरस्कार राशि में से हिस्सा मांगा और इसके बाद उसने कोच के बैंक खाते में 43.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कोच की पहचान जोगिंदर के रूप में हुई है।
