-तपोवन और केदारताल के लिए करना होगा इंतजार
#उत्तरकाशी। मौसम में सुधार के बाद गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने गोमुख ट्रेक को ट्रेकिंग के लिए खोल दिया है। अब पर्यटक और ट्रेकर्स निर्धारित अनुमति लेकर गोमुख तक की यात्रा कर सकेंगे। हालांकि तपोवन और केदारताल ट्रैक पर अभी ट्रेकिंग की अनुमति नहीं दी गई है। इन दोनों ट्रैक पर अधिक बर्फ जमा होने के कारण फिलहाल इन्हें सामान्य ट्रेकर्स के लिए बंद रखा गया है।
वहीं, गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर पर्वतारोहण के लिए अनुमति दी जा रही है। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने वाले पर्वतारोहियों और अन्य लोगों को लगातार मौसम की स्थिति के प्रति अलर्ट किया जा रहा है।
दरअसल, सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली थी। गोमुख, तपोवन और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने से ट्रैक पर आवाजाही मुश्किल हो गई थी। इस दौरान विभिन्न उच्च हिमालयी ट्रैक पर 200 से अधिक ट्रेकर्स और पर्वतारोही फंस गए थे। घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने एहतियातन गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर रोक लगा दी थी। हालांकि अब मौसम सामान्य होने और ट्रैक की स्थिति का आकलन करने के बाद अब चरणबद्ध तरीके से ट्रैक खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
रेंज अधिकारी के अनुसार नेलांग-जादूंग क्षेत्र सहित गर्तांगली भी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। इन क्षेत्रों में भी पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। विभाग की ओर से पर्यटकों से निर्धारित नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद अभी भी कई स्थानों पर बर्फ की मोटी परत जमा है। ऐसे में प्रशासन और वन विभाग जोखिम वाले ट्रैक को तत्काल खोलने के बजाय उनकी स्थिति का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से अनुमति दे रहे हैं। गोमुख ट्रैक खुलने से जहां ट्रेकिंग गतिविधियां फिर शुरू हुई हैं, वहीं तपोवन और केदारताल के लिए पर्यटकों को अभी कुछ और इंतजार करना होगा।
गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया किबीते रविवार से गोमुख तक ट्रेकिंग के लिए अनुमति दी जा रही है। पर्यटक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेकर गोमुख की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, तपोवन और केदारताल ट्रैक पर अभी स्थिति सामान्य नहीं हुई है। दोनों ट्रैक पर काफी मात्रा में बर्फ जमा है, जिससे ट्रेकिंग करना जोखिम भरा हो सकता है, इसी वजह से फिलहाल इन दोनों ट्रैक को सामान्य ट्रेकर्स के लिए बंद रखा गया है।
