#पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में नाबालिग दिव्यांग (मूक-बधिर) लड़की के गर्भवती होने की बात सामने आई है। दिव्यांग नाबालिग पीड़िता के साथ किसने गलत काम किया, इसकी अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित नाबालिग ठीक से बोल नहीं पाती है। साथ ही उसे मिर्गी के दौरे भी आते हैं। बीते गुरुवार को अचानक से नाबालिग पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई, जिसे परिजन हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टरों ने जब नाबालिग लड़की का चेकअप किया तो उसके गर्भवती होने की बात सामने आई है। डॉक्टरों ने जब ये बात लड़की के परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए।
नाबालिग लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन ने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की टीम हॉस्पिटल पहुंची और हॉस्पिटल के डॉक्टरों व परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस मामले में पिथौरागढ़ कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि उपनिरीक्षक बबीता टम्टा को मामले की जांच सौंपी गई है। फिलहाल नाबालिग का जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रोटेक्शन दिया गया है।
नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी के बाद से परिजन सदमे में हैं। नाबालिग के परिजनों की ओर से अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। कोतवाल ने बताया कि मामले में नियमानुसार जीरो एफआईआर दर्ज की जाएगी. परिजनों की ओर से अभी तक थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस चिकित्सकीय जांच, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा कि दिव्यांग नाबालिग लड़की के साथ किसने गलत काम किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
