देहरादून। एसटीएफ ने 1.47 करोड रूपये के डिजिटल अरेस्ट केस में वांछित चल रहे व्यक्ति को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ अजय सिंह द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि राज्य एसटीएफ की साइबर टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए डिजिटल अरेस्ट से संबंधित साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण में सम्बन्धित मुकदमें में 50 लाख रूपये के लाभार्थी खाताधारक वांछित आरोपी को हरियाणा राज्य से गिरफ्तार किया है। उक्त अभियोग में पूर्व में ही 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। माह अगस्त 2025 में नैनीताल निवासी पीडिता द्वारा डिजिटल अरेस्ट से सम्बन्धित अभियोग साईबर क्राईम रूद्रपुर में दर्ज कराया गया था, जिसमें साईबर अपराधियों द्वारा स्वयं को महाराष्ट्र साईबर क्राईम से बताते हुए पीडिता के नाम पर खुले बैंक खाते में मनी लाण्ड्रिंग के तहत 60 करोड रूपये की लेनकृदेन होने की बात कही गयी, जिसके लिये साईबर अपराधियों द्वारा पीडिता के खातों का ऑनलाईन वैरिफिकेशन किये जाने के नाम पर व्हाटसप कॉल पर ही 12 दिनों तक पीडित को “डिजिटली अरेस्ट” करते हुए विभिन्न खातों में कुल 1.47 करोड़ रूपये की धनराशि धोखाधडीपूर्वक जमा करायी गयी थी। गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी से प्राप्त 50 लाख रूपये की धनराशि स्थानांतरित हुई थी। लगातार फरार चल रहे उक्त आरोपी को एसटीएफ की साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों एवं लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर उसे गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। पूछताछ में उसने अपना नाम भूपिन्दर सिंह पुत्र गुरचरन सिंह निवासी ग्राम पिलखनी, रविदास मन्दिर के पास, थाना शाह, जनपद अम्बाला, हरियाणा बताया।
