देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में उत्तराखंड के रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट कर उनका उत्तराखंड आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को प्रथम विश्व युद्ध के महानायक एवं गढ़वाल राइफल्स के वीर योद्धा गब्बर सिंह नेगी की स्मृति से जुड़ा स्मृति चिन्ह भेंट कर उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा से परिचित कराया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों एवं सैन्य अधिकारियों ने उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य विरासत, पूर्व सैनिकों के कल्याण तथा राष्ट्र निर्माण में सैनिकों की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है तथा राष्ट्र उनके त्याग और समर्पण का सदैव ऋणी रहेगा।
बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण, सैन्य परंपराओं के संरक्षण तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मेजर जनरल प्रबोध सरन राणा, मेजर जनरल अभय कार्की, मेजर जनरल एस.एस. नेगी, ब्रिगेडियर के.जी. बहल, कर्नल आर.एस. भंडारी, कर्नल पवन वाही, कर्नल शर्मा, कर्नल आर.एस. क्षेत्री, कैप्टन दिनेश प्रधान, नायब सूबेदार विक्रम कंडारी, कैप्टन बिष्ट तथा पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट सहित अनेक पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
