चम्पावत। प्रमुख मुख्य वन संरक्षक उत्तराखंड रंजन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में रविवार को वन विभाग की ओर से ‘प्रभाग दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम पर विशेष बल दिया गया ।वन विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों और वन सरपंचों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें वन संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और वन्यजीवों की सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्र ने कहा कि हाल के दिनों में गुलदार और भालू के हमलों में वृद्धि हुई है, जिसे देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। उन्होंने बताया कि वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों और सरपंचों से अपील की गई है कि वे जैविक कूड़ा आबादी वाले क्षेत्रों में न फेंकें, क्योंकि इससे वन्यजीव, विशेष रूप से भालू आकर्षित होते हैं। मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार ने वन्यजीव हमलों के मामलों में मुआवजा राशि बढ़ा दी है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिल सके। विभागीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वन अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडेय, नगरपालिका अध्यक्षा प्रेमा पांडेय, डॉ. तेजस्विनी, अरविंद पाटिल, रेंजर बृजमोहन टम्टा, हिमालय सिंह टोलिया और चंद्रशेखर जोशी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
