हरिद्वार ।
दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में नवनिर्मित स्वीमिंगपूल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि भेल हरिद्वार के महाप्रबंधक एवं प्रमुख रंजन कुमार एवं श्रीमती नंदन कुमारी ने शिलापट्ट का अनावरण कर एवं रिबन काट कर स्वीमिंगपूल ऐरिना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसका शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। बच्चों ने स्कूल बैंड धुन एवं मधुर स्वागत गीतों से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर छोट छोटे बच्चों द्वारा शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया गया जिसने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य डॉ अनुपम जग्गा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डीपीएस रानीपुर एवं भेल के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है तथा यह स्वीमिंगपूल छात्रों को तैराकी के क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान स्थापित करने का अवसर प्रदान करेगा तथा विद्यालय के छात्र तैराकी के क्षेत्र में भी विद्यालय का नाम रौशन करेंगे। उन्होंने डीपीएस सोसाईटी नई दिल्ली एवं भेल प्रबंधन को उनके सहयोग के धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि भेल हरिद्वार के महाप्रबंधक एवं प्रमुख रंजन कुमार ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि डीपीएस रानीपुर प्रत्येक क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता के लिए पहचाना जाता है एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के नेतृत्व में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। यह भव्य स्वीमिंग पूल आने वाले समय में तैराकी के क्षेत्र में अवश्य ही नए आयाम स्थापित कर देश के लिए कुशल खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
बच्चों ने अतिथियों के समक्ष अपने तैराकी कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सभी ने करतल ध्वनि से तरूण तैराको का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में भेल के महाप्रबंधक मानव संसाधन संतोष कुमार, भेल नगर प्रशासक संजय पंवार, डीपीएस पीवीसी श्रीमती गुंजन शुक्ला, डीपीएस के सदस्य अमित तिवारी एवं डीपीएस की वित्त सदस्य श्रीमती मधु गर्ग उपस्थित रहे।
