हरिद्वार ।
गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहे सांकेतिक धरने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविन्द शर्मा, पूर्व नगर पालिका सभासद व पूर्व महापौर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, सुन्दर सिंह मनवाल, पार्षद नगर निगम विवेक भूषण तथा राहुल चैधरी, संजीव कुमार सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने अपना समर्थन देते हुए कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय हरिद्वार की पहचान है। इसकी रक्षा हर कीमत पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत महत्वकांक्षा की पूर्ति के लिए गुरुकुल कांगड़ी को केन्द्र बिन्दु नहीं बनने दिया जाएगा। लम्बे समय से भारत सरकार द्वारा शत प्रतिशत अनुदानित व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्देशित नियमों के अनुसार संचालित किए जा रहे गुरुकुल कांगड़ी को संचालन हेतु नियमों के साथ किसी को भी छेड़खानी करने नहीं दी जाएगी। हरिद्वार की जनता गुरुकुल कांगड़ी के कर्मचारियों के साथ इस आंदोलन में खड़ी है। वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेस नेता अरविन्द शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आर्य प्रतिनिधि सभाओं को माननीय उच्च न्यायलय में यह प्रतिवेदन देना चाहिए कि वह समविश्वविद्यालय व् कर्मचारी के हित में शत प्रतिशत अनुदान भारत सरकार से पूर्व की भांति प्राप्त करते हुए अक्षतः भारत सरकार के नियमों का पालन समविश्वविद्यालय सञ्चालन में करेंगे जिससे कि कर्मचारियों के हित प्रभावित न हो| सुन्दर सिंह मनवाल ने कहा कि कर्मचारियों की लड़ाई को लड़ने के लिए वह उनकी आवाज को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर संसद में उठाने की दिशा में काम करेंगे|
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन समविश्वविद्यालय के अस्तित्व की लड़ाई को लड़ने का काम कर रही है। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचे जन प्रतिनिधियों व नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस आंदोलन में अपना समर्थन देकर समविश्वविद्यालय की रक्षा के लिए आगे आए हैं। इसके लिए समविश्वविद्यालय के कर्मचारी शब्दों में उनका आभार व्यक्त नहीं कर सकते। उनके सहयोग के लिए कर्मचारी आजीवन उनके आभारी रहेंगे।
