हरिद्वार।
नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा के संयोजन एवं मार्गदर्शन में नगर पालिका शिवालिक नगर द्वारा विकसित बहुत ही सुन्दर संस्कार पार्क, शिवालिक नगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उमंग, उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, योग प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों तथा योगाचार्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन समय में पवित्र मंत्रोच्चार एवं योगगुरुओं द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के साथ हुई। सभी प्रतिभागियों ने योगाचार्यों के नेतृत्व में सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, विभिन्न योगासनों तथा ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने स्वयं योगाभ्यास करते हुए क्षेत्रवासियों के साथ सहभागिता दिखाई और उपस्थित जनसमूह को योग के महत्व, लाभ तथा उसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि “आज योग भारत की सीमाओं से निकलकर वैश्विक मंच पर एक गौरवशाली पहचान बन चुका है। योग न केवल शरीर की ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि मन को भी शुद्ध, शांत और सशक्त बनाता है।”
उन्होंने कहा कि “योग एक माध्यम है जो न केवल तन-मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं आत्मिक शांति की ओर भी ले जाता है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से योग आज जन-जन तक पहुंच चुका है और यह एक वैश्विक उत्सव का रूप ले चुका है।”
राजीव शर्मा ने यह भी कहा कि “आदिकाल से ऋषि-मुनियों ने योग और ध्यान के माध्यम से आध्यात्मिक उन्नति और आत्मविकास का मार्ग प्रशस्त किया है। आज के युग में भी यदि हम प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, तो हम न केवल बीमारियों से मुक्त रह सकते हैं, बल्कि सकारात्मक सोच और सफलता की दिशा में भी बढ़ सकते हैं।”
इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों, बच्चों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वस्थ जीवन, शांति, अनुशासन और नियमित योगाभ्यास का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, मंडल महामंत्री पंकज चौहान व अंशुल शर्मा, सभासद नूतन वर्मा, पूर्व सभासद अजय मलिक, मंडल उपाध्यक्ष श्वेता सिंह, मंडल मंत्री निशा मलिक, रितु ठाकुर, रिना नेगी, भानु प्रताप सिंह, रवि वर्मा, अशोक उपाध्याय, लज्जे राम शर्मा, सौरभ सक्सेना, मुदीत शर्मा, दिनेश चौहान, राकेश राणा, ऋषभ शर्मा, नरेंद्र चौहान, राजेन्द्र वाल्मीकि, रितेश गौड, स्वीटी भारद्वाज, विवेक, अमित, अनिता वर्मा, शशी भूषण पांडे, पवन गर्ग, मानस तोमर व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
