हरिद्वार/लक्सर।
कोतवाली से कुछ दूरी पर एक निजी अस्पताल मे देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने डॉक्टर व उसकी पत्नी पर हमला कर दिया। जिसमे चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरा मामला CCTV फुटेज में कैद हो गया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बदमाश घटना स्थल से फरार हो गए।
लक्सर कोतवाली से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल में देर रात नकाबपोश हथियार बंद बदमाशों द्वारा हमले का मामला सामने आया है। जिसमें अस्पताल संचालक चिकित्सक और उसकी पत्नी बदमाशों के हमले में घायल बताए जा रहे हैं। मंगलवार को प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक घटना का समय बीती रात करीब तीन बजे का बताया जा रहा है।
आरोप है कि बदमाशो द्वारा अस्पताल संचालक चिकित्सक पर हमला कर दिया गया। हमले की आवाज सुनकर जब सोई हुई पत्नी जाग उठी तो पत्नी को देख बदमाशों ने उस पर भी हमला बोल दिया, हालांकि शोर शराबा होने पर दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। मगर इससे पूर्व अस्पताल स्वामी और उसकी पत्नी को गंभीर रूप से घायल करते हुए लहूलुहान कर दिया गया। बताया जा रहा है कि 112 आपातकालीन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही बदमाश फरार होने में कामयाब हो चुके थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
