-पौड़ी जनपद में संविदा में तैनात
हरिद्वार।
कोतवाली नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात सडक़ दुर्घटना में चिकित्सक की मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी भेजा। चिकित्सक की मौत से स्वास्थ्य विभाग में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि चंडी पुल पर घायल व्यक्ति की जानकारी मिली। सूचना पर मौके पर पहुंच कर जांच में पाया कि व्यक्ति मृत था। मृतक की शिनाख्त डा. संकेत मोतियन (28) पुत्र अनिल मोतियन निवासी गली नंबर-2 नवोदय नगर सिडकुल हरिद्वार के रूप में हुई। देहरादून मेडिकल कॉलेज से वर्ष 2022 में एमबीबीएस करने के बाद पौड़ी जनपद में संविदा में तैनात थे। दशहरे की छुट्टी पर पौड़ी से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पुल में किसी वाहन ने टक्कर मारी जिससे चिकित्सक की मौत हुई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
