लक्सर।
वन विभाग की लक्सर रेंज के गिद्दावाली गांव में रात्रि में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब विशालकाय मगरमच्छ एक व्यक्ति के घर में घुस आया। घर मे मगरमच्छ को बैठे देखकर परिवार के होश उड़ गए। ग्रामीणो ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग अधिकारियों को दी। गांव में मगरमच्छ की जानकारी मिलते ही रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के निर्देश पर वन विभाग की क्विक रेस्पॉन्स टीम रात करीब ढाई बजे गांव में पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रेस्क्यू कर बाण गंगा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात्रि में वन विभाग की लक्सर रेंज के ग्राम गिद्दावाली गांव निवासी खुशरपाल पुत्र फूल सिंह के घर में एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया। मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणो में अफरा तफरी मच गई तभी ग्रामीणों द्वारा वन विभाग के लक्सर रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी को घर में मगरमच्छ घुस आने की सूचना दी गई। रेंजर के आदेश पर रात्रि में ही वन विभाग की टीम गुरजंट सिंह के नेतृत्व में लक्सर से गांव में मौके पर पहुंची तथा मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया। किंतु मगरमच्छ का आकार इतना बड़ा और वजनदार था कि मगरमच्छ को काबू पाने में टीम के पसीने छूट गए। गांव के लोगों की मदद से टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी की और सुरक्षित तरीके से जाल बिछाकर मगरमच्छ को पकड़ा गया। बताया गया है कि करीब दो घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को पकड़ कर गांव से बाहर बाण गंगा नदी में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
लक्सर रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मगरमच्छ को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना रेस्क्यू किया गया और उसे गंगा नदी मे छोड़ा गया है। बारिश के मौसम में अक्सर मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव आबादी वाले इलाको में पहुंच जाते है। लोगो को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होने लोगो से अपील की है कि अगर किसी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य जंगली जानवर नजर आएं तो घबराएं नही। तत्काल QRT टीम को सूचना दे या फिर वन्य जीव आपातकालीन नंबर 1926 पर संपर्क करे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल तो रहा, लेकिन वन विभाग की मुस्तैदी के कारण बड़ी घटना टल गई। ग्रामीणों ने QRT टीम की तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
