-खाई में गिरी जीप, 2 की मौत 5 लोग घायल
#देहरादून। पछवादून के हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हिमाचल से विकासनगर की ओर आ रहा बोलेरो वाहन धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित 7 लोग सवार थे। घायलों को रेस्क्यू करके अस्पताल पहुंचाया गया।
डाक्टरों ने 2 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। हरिपुर कोटी मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल प्रदेश की ओर से एक बोलेरो विकासनगर की ओर आ रही थी। बोलेरो वाहन हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पर कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और बचाव अभियान चलाया। किसी तरह खाई में पड़े घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया। वहां डाक्टरों ने चेकअप के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। 5 लोग घायल हैं।
कालसी थाना के एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि एक बोलेरो वाहन हिमाचल की ओर से विकासनगर को आते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही बचाव और राहत अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने जितनी जल्दी हो सकता था वाहन सवार लोगों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों में राधिका उम्र 2 वर्ष पुत्री डमर और नरबहादुर उम्र 56 साल पुत्र गंगा बहादुर निवासी अछाम कटारी नेपाल हैं। घायलों में चमन लाल 45 साल पुत्र हर्सू चडगांव, शिमला हिमाचल प्रदेश वाहन चालक, डमर 32 साल पुत्र नरबहादुर त्ध्व ठकारी, जिला अछाम, नेपाल, निशा 14 साल पुत्री दिनेश ध्रूवकंचनपुर, जिला अछाम, नेपाल, उर्मिला 30 साल पत्नी डमर और प्रदीप 5 साल पुत्र डमर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नेपाली मजदूर थे। ये लोग हिमाचल में काम समाप्त कर अपने घर नेपाल जा रहे थे।
