आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
टिहरी। जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से रहस्यमयी तरीके से लापता हुई रेशमा बिष्ट का एक महीने के बाद भी कोई सुराग नही लग पाया है। जिसके बाद अब रेशमा के परिजनों के सब्र का बाध भी टूटने लगा है। ऐसे में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।
मिली जानकारी के अनुसार प्रतापनगर क्षेत्र के जांगी गांव निवासी रेशमा बिष्ट 6 अगस्त को लापता हुई थी। रेशमा के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 7 अगस्त को थाना लंबगांव में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भी रेशमा की तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों, जंगलों और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई, लेकिन रेशमा का कोई पता नहीं चला। मामले को गंभीरता से लेते हुए टिहरी पुलिस ने भी रेशमा की तलाश में व्यापक सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने जंगलों, टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र में भी तलाश की। संभावित स्थानों पर खोजबीन के साथ ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
रेशमा के लापता होने के 32 दिन बीत जाने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से तलाश किए जाने के बावजूद रेशमा का पता नहीं चलना चिंता का विषय है। इसी को लेकर ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और गहमा-गहमी भी देखने को मिली। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि रेशमा की तलाश में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि 32 दिन से रेशमा का कोई पता नहीं है और परिवार लगातार चिंता में है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सर्च अभियान को और व्यापक किया जाए और रेशमा को जल्द से जल्द खोजा जाए। वहीं पुलिस की ओर से रेशमा की तलाश लगातार जारी है। पुलिस संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखते हुए तलाश अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।
बता दें कि प्रतापनगर के रहने वाली रेशमा की शादी करीब चार साल पहले जणगी गांव में नवीन बिष्ट से हुई थी। शादी के बाद रेशमा को एक बेटा भी हुआ, जिसकी उम्र करीब चार साल है। रेशमा का पति नवीन विदेश में नौकरी करता है। कुछ दिनों पहले ही करीब 28 महीने बाद नवीन विदेश से छुट्टी पर अपने घर आया था। नवीन के घर लौटने के करीब चार दिन बाद यानी 6 अगस्त को रेशमा रहस्मयी तरीके से लापता हो गई है, तब से लेकर अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। हालांकि रेशमा के मायके वालों ने उसकी ससुरालों पर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए है।
