सप्लायर की तलाश में जुटी टीमें हरिद्वार ।
नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर बाइक सवार दो गांजा तस्करों को दबोच लिया। पुलिस चेकिंग देखकर दोनों ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक नहीं चली। कुछ ही दूरी पर पुलिस ने दोनों को बाइक समेत धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार 4/5 जुलाई की रात कोतवाली नगर पुलिस टीम सरकारी बस वर्कशॉप से रेलवे कॉलोनी जाने वाले कच्चे रास्ते के बाहर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टिबड़ी फाटक की तरफ से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को चेकिंग करते देख उन्होंने अचानक बाइक मोड़ दी और भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और दोनों को कुछ दूरी पर दबोच लिया।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम रोहित सैनी निवासी शांति विहार कॉलोनी, लाल मंदिर ज्वालापुर बताया। उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 5.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बाइक पर पीछे बैठे मोहित सैनी के थैले से भी 4.640 किलोग्राम गांजा मिला। दोनों के कब्जे से कुल 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांजा बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर निवासी सोयब अंसारी से बहादराबाद टोल प्लाजा के पास खरीदा था। इस खुलासे के बाद पुलिस कथित सप्लायर पर टिक गई है। सोयब अंसारी को मामले में वांछित करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा कोर्ट में पेश किया। आरोपी
कोतवाली नगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। कार्रवाई कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, अपर उपनिरीक्षक भरत सिंह, कांस्टेबल जीवन तिवारी व एएनटीएफ के कांस्टेबल रणजीत सिंह और नितुल यादव शामिल रहे।