अल्मोड़ा। पुलिस ने डिजिटल हाउस अरेस्ट के नाम पर एक व्यक्ति से 8.80 लाख की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य कोे हरियाणा के सिरसा जिले से गिरफ्तार किया है।पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक ट्रांजैक्शनों की जांच और लगातार सर्विलांस के आधार पर आरोपित तक पहुंच बनाई। इस मामले में पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की भी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार मामला भतरौजखान थाना क्षेत्र के ग्राम धारड़ निवासी जीवन सिंह रावत से जुड़ा था। शिकायत मिलने पर थाना भतरौजखान में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साइबर और सर्विलांस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपित की पहचान रंजोत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी जगमालवाली, थाना कालांवाली, जिला सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई है।
इसके बाद पुलिस टीम ने हरियाणा पहुंचकर बीते 22 जुलाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआइ संजय जोशी, हेड कांस्टेबल राजाराम, प्रकाश सिंह मौजूद थे। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने खुद को एटीएस पुणे और अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर आतंकवाद से जुड़े फर्जी मामले में नाम आने का डर दिखाया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और कोर्ट आदेश भेजकर उन्हें वीडियो कॉल के जरिए लगातार निगरानी में रखा तथा किसी से बात न करने की हिदायत दी।इसी तरह उन्हें कथित श्डिजिटल हाउस अरेस्टश् में रखकर मानसिक रूप से भयभीत किया गया। आरोपियों ने पीड़ित से गूगल पे पर खाता बनवाया, अपनी ई-मेल आईडी लॉगिन कराई और वीडियो कॉल के माध्यम से एसबीआई व यूनियन बैंक के खातों को संचालित कराया। इसके बाद 18 से 31 मार्च 2026 के बीच जांच के नाम पर नौ अलग-अलग ट्रांजैक्शनों में कुल 8.80 लाख अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
