हरिद्वार। गुरूवार सुबह उत्तराखण्ड के पूर्व आईएएस अधिकारी चंद्र सिंह का निधन हो गया। वे लंबे समय से आयु-संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। चंद्र सिंह अपनी निष्कलंक ईमानदारी,कड़े लेकिन न्यायप्रिय प्रशासन,अत्यंत सादगीपूर्ण जीवनशैली, सामाजिक सुधारों के प्रति समर्पण तथा गरीबों और वंचितों के हितैषी के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
पूर्व आईएएस स्व. चंद्र सिह मूलतः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद अंतर्गत भटवाड़ी तहसील के केलसू भंकोली गांव के रहने वाले थे। सत्तर के दशक में उन्होंने रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उस दौर में रुड़की मछली बाजार क्षेत्र में संचालित वेश्यावृत्ति के कोठों को बंद कराने तथा पिरान कलियर मेले में दशकों से चली आ रही तवायफों की गीत-संगीत की महफिलों पर स्थायी रोक लगाने जैसे उनके साहसिक और ऐतिहासिक निर्णयों के लिए उन्हें हमेशा स्मरण किया जाएगा। इसके अलावा बतौर प्रशासनिक अधिकारी उन्होंने पूरे कार्यकाल में अनेको ऐसे माइल स्टोन कार्य किए,जो अपने आप में मिसाल हैं। रमन लाल,जो भारतीय प्रौघोगिकी संस्थान रुड़की के पूर्व संयुक्त रजिस्ट्रार रहे हैं,चंद्र सिंह के छोटे भाई हैं। चंद्र सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और देहरादून के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था,बताया गया है कि वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह पवित्र आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं चिरशांति प्रदान करें।
