ऊधमसिंहनगर। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाकर अवैध कमाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी सितारगंज तथा सौरभ कुमार निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। इससे मोटी रकम कमा रहे थे। इस मामले में थाना पुलभट्टा में एफआईआर के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस मामले में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें।
