पुलिस ने भाई समेत सात के खिलाफ मामला दर्ज किया
हरिद्वार।
कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में करोड़ों की संपत्ति के विवाद में बहन ने पुलिस में तहरीर देकर भाई समेत सात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी व जान से करने का मुकदमा दर्ज कराया है । पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी ।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रीति खैर ने तहरीर देकर अपने भाई समेत सात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है । तहरीर में महिला ने जानकारी दी उनके पिता भूषण चोपड़ा ने वर्ष 2011 में गुरुद्वारा रोड कटहरा बाजार स्थित संपत्ति की वसीयत भाई हर्ष चोपड़ा के नाम की थी। भाई के चाल चलन ठीक न होने पर उनके पिताजी ने वसीयत को कैंसिल करवा कर नई वसीयत उनकी मां और बहन के नाम दर्ज कराई। बहन और मां की ओर से दाननामा कर संपत्ति की रजिस्ट्री उनके नाम कर दी गई थी। उनके भाई हर्ष चोपड़ा ने करोड़ों की संपत्ति को पुरानी वसीयत के आधार बनाकर फर्जी तरीके से परवेज अंसारी व इमरान अंसारी के नाम रजिस्ट्री करवा दी। इस पूरे मामले में फर्जी वसीयतनामा के आधार पर रजिस्ट्री करने में सात लोग शामिल हैं। संपत्ति गलत तरीके से कागजात दर्शाकर बेचने वालों ने घर आकर जान से मारने की धमकी दी । कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
